इकदिल। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मुसाबली में जमीन के बंटवारे के विवाद को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने दामाद और उसके पिता पर लाठी-डंडों व हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुसाबली निवासी गोविंद कुमार (29) का अपनी पत्नी और उसके मायके वालों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे इसी रंजिश के चलते गोविंद के ससुर, सास, साला और पत्नी समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग लाठी-डंडों और धारदार हाशिया ले आए। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज करते हुए गोविंद पर हमला बोल दिया। बेटे को पिटता देख जब वृद्ध पिता प्रेम सिंह (55) बचाने दौड़े, तो आरोपियों ने उन पर भी हाशिया से वार कर दिया। हमले में प्रेम सिंह के सिर व शरीर पर हाशिया लगने से वह लहूलुहान हो गए, जबकि बीच-बचाव में आए गोविंद कुमार के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित पिता-पुत्र ने लहूलुहान हालत में इकदिल थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने घायलों को तुरंत डॉक्टरी परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।