फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आपस में झगड़ा करके नहर में कूदे महिला और पुरुष

Sun, 15 Feb 2015 11:44 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
महिला और पुरुष सफाईकर्मियों में पहले किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद दोनों ने पुल से नहर में छलांग लगा दी। यह देख पुल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने किसी तरह महिला को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन युवक गहरे पानी में लापता हो गया।
विज्ञापन


सूचना पर पहुंची पुलिस जाल और गोताखोरों की मदद से युवक को तलाशने में जुटी थी। समाचार लिखे जाने तक युवक का सुराग नहीं लगा था। शहर के कटरा शमखेर खां निवासी शिवकुमार (25) पुत्र अनिल कुमार महेवा ब्लाक के गांव बहादुरपुर घर में सफाईकर्मी के रूप में तैनात है।

इसी मोहल्ले की ममता (28) पत्नी बृजेंद्र सैफई ब्लाक में सफाईकर्मी है। रविवार को दोनों की ड्यूटी सैफई में लगाई गई थी। ड्यूटी करने के बाद दोनों एक ही बाइक से सैफई से इटावा लौटे। रविवार की शाम करीब 5 बजे दोनों बाइक से इकदिल थाना क्षेत्र के दतावली व चितभवन नहर पुल के बीच नहर किनारे पहुंचे।
विज्ञापन


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने नहर किनारे अपनी बाइक खड़ी की और दोनों बैठकर बातचीत करने लगे। इसी बीच दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद महिला ने नहर में छलांग लगा दी। इसके बाद युवक भी नहर में कूद पड़ा।

चितभवन की ओर से आ रहे ट्रैक्टर में सवार लोगों ने जब दोनों को नहर में कूदते देखा तो तुरंत ट्रैक्टर रोका। इन लोगों ने महिला को बचाकर नहर से बाहर निकाल लिया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
ट्रैक्टर सवारों ने जानकारी पुलिस को दी।

सूचना पाकर पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर आ गए। पुलिस ने नहर में जाल डलवाकर गोताखोरों को उतारा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था। मौके पर सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा, एसओ इकदिल दिनेश शर्मा, एसओ सिविल लाइन विनोद यादव, एसओ बसरेहर जसवीर सिंह के अलावा क्यूआरटी के जवान मौजूद रहे।

सीओ ने बताया कि महिला को इकदिल थाने भिजवा दिया है। पहला मकसद, युवक को तलाश करना है। महिला से बाद में पूछताछ की जाएगी। दोनों के बीच क्या संबंध हैं और वह क्यों नहर में कूदे, इसकी जानकारी की जा रही है।

शिवकुमार की शादी सप्ताह भर पूर्व 8 फरवरी को शहर के मोहल्ला अस्तल निवासी मुकेश कुमार की बेटी पूनम के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि रविवार को ही बहू को विदा होकर मायके जाना था। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
विज्ञापन


मौके पर पहुंचा भाई रामकुमार बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। पूरा परिवार नहर में डूबे शिवकुमार की सलामती के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहा था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें