नगर के जवाहर रोड स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में शनिवार की रात अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड और दुकान मालिक को सूचना दी। शटर खोलकर देखा गया तो दुकान के अंदर सारा सामान जल चुका था। लोगों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। दुकान मालिक ने करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
अनवरगंज मोहल्ला निवासी मुहम्मद वकील की नगर के जवाहर रोड पर मस्जिद के पास वकील ऑटो पार्ट्स के नाम से दुकान है। वकील शनिवार की शाम दुकान बंद करके घर चले गए। इस बीच आसपास के लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं उठता देखा तो उन्हें सूचना दी।
दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और किसी तरह शटर खोलकर देखा तो दुकान के अंदर भीषण आग लगी थी। देखते-देखते आसपास के लोग मौके पर आ गए और आग बुझाने में जुट गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंची।
मुहम्मद वकील ने बताया कि शाम को वह दुकान बंद करके घर चला गया। रात में अचानक शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। दुकान में रखी पंचर जोड़ने की मशीन के साथ करीब 32 हजार रुपये के टायर ट्यूब एवं 17 हजार रुपये तक का मोबिल ऑयल, एक लाख रुपये के ऑटो पार्ट्स सहित करीब ढाई लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर आए सदर लेखपाल राजेश यादव नुकसान का आंकलन किया।