इटावा। एक तरफ स्कूल की छुट्टियां और दूसरी ओर दो दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड से किशोरों के टीकाकरण की रफ्तार को धीमा कर दिया है। प्रशासन ने 20 जनवरी तक जिले में सभी किशोरों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा था।
17 जनवरी तक 46 फीसदी लक्ष्य ही पूरा किया जा सका है। छात्र-छात्राओं को कोरोना से बचाने के लिए तीन जनवरी से 15 से 18 साल तक शुरू हुआ टीकाकरण अभियान चल रहा है।
सीएमओ डॉ. भगवान दास के अनुसार, जिले में रविवार तक 51,930 किशोरों को कोरोना की वैक्सीन लग चुकी है, जो 46 फीसदी है। सीएमओ के अनुसार, जिले में 1,10,942 छात्र- छात्राओं का टीकाकरण होना है।
वैक्सीनेशन स्कूल-कालेज में छुट्टियां होने और कड़ाके की ठंड से परवान नहीं चढ़ सका है। ठंड में किशोरों को वैक्सीनेशन केंद्र पहुंचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
चकरनगर पालिका परिसर में लगाए गए टीकाकरण कैंप में सोमवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने 15-17 वर्ष के 38 किशोरों सहित 96 लोगों को टीका लगाया। जसवंतनगर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोतवाली में 50 पुलिसकर्मियों को कोरोना की बूस्टर डोज लगाई।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रण बहादुर सिंह सहित 50 पुलिसकर्मियों और सीआरपीएफ जवानों को बूस्टर डोज लगाई गई।
उधर, महेवा विकास खंड के सात विद्यालयों में लगे सात टीकाकरण शिविर में 15 से 17 वर्ष के किशोर-किशोरियों ने टीकाकरण करवाया। सात कैंपों पर कुल 817 किशोर-किशोरियों ने टीके लगवाए।
कस्बा बकेवर के जनता इंटर कालेज में लगे वैक्सीनेशन कैंप में 15 से 17 वर्ष के कुल 171 किशोर-किशोरियों ने कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाई। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिमेष वर्मा व स्वास्थ्य विभाग टीम मौके पर उपस्थित रही।
महेवा कस्बे में स्थित लोकमान्य इंटर कालेज में लगे वैक्सीनेशन कैंप में 38 किशोर व किशोरियों ने वैक्सीनेशन करवाया। बिहारी जी इंटर कालेज अहेरीपुर में लगे वैक्सीनेशन कैंप में 100 किशोर-किशोरियों ने टीकाकरण करवाया।
रायल हैप्पी किड्स लखना में लगे वैक्सीनेशन कैंप में 150 किशोर व किशोरियों ने वैक्सीन लगवाई। राम नारायण इंटर कालेज ईश्वरीपुर में लगे टीकाकरण कैंप में 198 किशोर व किशोरियों ने टीका लगवाया।
विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक स्कूल वैसोली घाट में लगे वैक्सीनेशन कैंप में 81 किशोरों ने टीका लगवाया। राजकीय हाईस्कूल लुधियानी में 79 किशोर-किशोरियों का टीकाकरण किया गया। सात विद्यालयों में लगे वैक्सीनेशन कैंप में कुल 817 किशोर व किशोरियों ने वैक्सीन लगवाई।
आज लगेगा बूस्टर डोज कैंप
चकरनगर। तहसील मुख्यालय परिसर में विभाग द्वारा बूस्टर डोज कैंप का आयोजन मंगलवार को किया गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक राजपुर डॉक्टर सत्येंद्र यादव ने बताया कि तहसील परिसर में बूस्टर डोज का आयोजन मंगलवार को किया जाएगा। जिसमें वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद रहेंगे।
दो दिन में कराएं किशोरों का टीकाकरण
इटावा। डीएम श्रुति सिंह ने निर्देश दिए कि एक जनवरी 2008 से पूर्व के जन्म लेने वाले बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराया जाए। यह निर्देश उन्होंने विकास भवन में सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक में दिए।
कहा कि टीकाकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दास्त नहीं की जाएगी। कहा कि स्कूलों में पंजीकृत जो बच्चे स्वेच्छा से घरों में टीकाकरण करा रहे हैं, उन्हें प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया ज
ाए। उन्होंने टीकाकरण काम में लगे सभी अफसरों से कहा कि दो दिन के अंदर विद्यालयों में पंजीकृत सभी बच्चों का टीकाकरण हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा कराया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव द्वारा प्रतिदिन इसकी समीक्षा की जा रही है, जिन जिला स्तरीय/ब्लाक स्तरीय अधिकारियों द्वारा अगर लापरवाही बरती जाएगी तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि जो बच्चे वैक्सीन लगवाने में रुचि नहीं ले रहे, उनके अभिभावकों से स्कूलों के प्रधानाचार्य के माध्यम से संपर्क करें।
इस मौके पर सीडीओ संतोष कुमार राय, सीएमओ डॉ. भगवानदास, डीआईओएस राजू राणा, परियोजना निदेशक डीआरडीए जयकेश त्रिपाठी, डीसी मनरेगा शौकत अली, डीसी एनआरएलएम बृजमोहन अंबेड समेत अन्य संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
यात्रियों की स्क्रीनिंग, एंटीजन टेस्ट कराएं
इटावा। डीएम श्रुति सिंह ने निर्देश दिया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों एवं बस अड्डों पर आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग, एंटीजन टेस्ट और जरूरत पड़ने पर आरटीपीसीआर टेस्ट कराया जाए।
यदि कोई कोरोना संक्रमित पाया जाता है, तो उसे पूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। निर्देश दिया कि अन्य यात्री जो स्वेच्छा से टेस्ट कराना चाहते हैं, उनका टेस्ट कराया जाए।
समस्त सरकारी/निजी कार्यालय अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारियों की क्षमता के साथ रोस्टर के आधार पर काम करेंगे। कार्यालय में कोविड हेल्प डेस्क स्थापित की जाए।
निजी कार्यालय के कर्मचारी यदि कोविड संक्रमित पाए जाते हैं तो उन्हें सात दिन की होम आइसोलेशन की सुविधा दी जाए। इस अवधि में वेतन का भी भुगतान किया जाए।