बस अड्डा पर बस के इंतजार में बच्चे को गोद में लिए बैठी महिला
- फोटो : ETAWHA
इटावा। ठिठुरन भरी ठंड का पड़ना जारी रहने से लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। शुक्रवार को सुबह जरूर रोज की अपेक्षा धूप जल्द निकल आई हो, लेकिन ठंड के आगे धूप बेअसर ही रही। लगातार दूसरे दिन भी तापमान 03 डिग्री पर बना रहा।
कड़ाके की ठंड से खुद को बचाने के लिए लोग धूप निकलने से पहले तक आग जलाकर बैठे रहे। करीब 11 बजे धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली लेकिन ठिठुरन ऐसी रही कि गर्म कपड़े पहने होने के बावजूद लोग कांपते रहे।
सर्दी की वजह से जिला अस्पताल में शुक्रवार को 850 मरीज आए। इनमें ज्यादातर जुकाम, सांस और बीपी के मरीज थे। फिजिशियन डॉ. बीएन शर्मा ने बताया कि ठंड की वजह से बुखार के मरीज तो नहीं आ रहे हैं, लेकिन जुकाम, सांस और ब्लड प्रेशर के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। ब्लड प्रेशर के रोगियों को सलाह दी है कि वह सुबह बिस्तर से देर से उठे। धूप निकलने पर धूप में जरूर बैठें। गर्म पानी का सेवन करें।
जानकारों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों से दिसंबर के महीने में इतनी ठंड कभी नहीं पड़ी जितनी इस बार पड़ रही है। तापमान जिस तरह से 03 डिग्री पर चल रहा है। उससे लगता है कि कड़ाके की सर्दी से जल्द राहत मिलने वाली नहीं है। ऐसे मे आग ही सहारा है जिसके सहारे शरीर को गर्म करके ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं।