बकेवर (इटावा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखना में तैनात वार्ड ब्वाय ने चार युवतियों को स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर नौकरी दिलाने के नाम पर 70 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद वह लापता हो गया। तीन महीने बाद बुधवार को अस्पताल पहुंचा। डॉक्टर ने उन युवतियों के रुपये वापस करवाए।
लखना टाकीज मुहाल निवासी रजनीश ने बताया कि लखना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर वार्ड ब्वाय के रूप में तैनात सुशील कुमार ने उसकी बहन और अन्य तीन युवतियों को संविदा पर स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलवाने के नाम पर 70 हजार रुपये लिए थे। इसके बाद वार्ड ब्वाय ड्यूटी पर नहीं आया। बुधवार को वह लखना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ड्यूटी करने पहुंचा। इस पर वह अस्पताल रुपये मांगने पहुंच गए।
लखना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ विनोद कुमार झा ने बताया कि कुछ लोगों से नौकरी के नाम पर रुपये लेेने की जानकारी पर वार्ड ब्वाय का वेतन रुकवा दिया था। वेतन रुक जाने पर वह अस्पताल आया तो लोगों के रुपये वापस कराए। कुछ रुपये अभी बचे हुए हैं, उसने एक हफ्ते में देने का वादा किया है। डॉक्टर ने कहा यदि उसने रुपये वापस नहीं किए तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।