इटावा। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव में शुक्रवार को मतदान की रफ्तार सुस्त रही। स्नातक निर्वाचन में जहां मतदाताओं ने कम रुचि दिखाई, वहीं शिक्षक निर्वाचन में अपेक्षाकृत अधिक मतदान हुआ। जिले में स्नातक सीट पर 38.13 प्रतिशत और शिक्षक सीट पर 64.52 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कम मतदान के चलते ज्यादातर केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं चकरनगर में फर्जी मतदान के आरोप को लेकर सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हुई, जबकि महेवा में चुनावी कार्यालय हटवाने को लेकर अधिकारियों और सपा विधायक के बीच बहस का मामला सामने आया।
शुक्रवार सुबह आठ बजे जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो गया। शुरुआती घंटों में मतदान की गति धीमी रही। दोपहर में कुछ तेजी आई, लेकिन स्नातक निर्वाचन में मतदाताओं की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं बढ़ सकी। मतदान केंद्रों पर मतदाता एक-दो की संख्या में पहुंचते रहे और वोट डालकर लौटते रहे। शिक्षक निर्वाचन में मतदान का प्रतिशत अधिक रहने के बावजूद सभी केंद्रों पर भीड़ नहीं दिखाई दी।
जिले में मतदान के लिए 14 केंद्रों पर कुल 30 बूथ बनाए गए थे। इनमें स्नातक निर्वाचन के 19,951 में 7,607 मतदाताओं ने मतदान किया और शिक्षक निर्वाचन के 3,929 मतदाताओं में 2,534 मतदान किया। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
-
जसवंतनगर में 44.35 प्रतिशत मतदान
जसवंतनगर। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव में शुक्रवार को क्षेत्र के चार बूथों पर कुल 44.35 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों सीटों के लिए 3492 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 1549 ने मताधिकार का प्रयोग किया। स्नातक सीट के तीन बूथों पर 3145 मतदाताओं में से 1332 ने वोट डाले। बूथ 179 पर 899 में से 499, बूथ 179 ए पर 918 में से 208 और बूथ 180 पर 1328 में से 625 मतदाताओं ने मतदान किया। स्नातक सीट पर 42.35 प्रतिशत मतदान हुआ। शिक्षक सीट के बूथ 105 पर 347 में से 217 मतदाताओं ने वोट डाले। यहां मतदान प्रतिशत 62.53 रहा। दोपहर बाद केंद्रों पर कतारें लगीं। (संवाद)
-
चकरनगर में भाजपा-सपा कार्यकर्ताओं में नोकझोंक
चकरनगर। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए शुक्रवार को ब्लॉक परिसर राजपुर में मतदान हुआ। यहां शिक्षक और स्नातक वर्ग के दो बूथ बनाए गए थे। स्नातक वर्ग में 935 और शिक्षक वर्ग में 139 मतदाता पंजीकृत थे। बूथ के अंदर मतदाताओं के अलावा अन्य लोगों के घूमने की सूचना पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख महिपाल सिंह, लंकू यादव, कौशलेंद्र राजावत और ग्राम प्रधान राजेश उर्फ झब्बू ने सीएचसी गेट पर विरोध जताया। सेक्टर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार ने पुलिस की मदद से परिसर में मौजूद अन्य लोगों को हटवाया। सपा सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने फर्जी मतदान और भाजपा प्रत्याशी की फोटो लगी पर्ची अंदर ले जाने का आरोप लगाया। भाजपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुकेश राजावत ने आरोपों को निराधार बताया। शाम चार बजे तक स्नातक वर्ग में 394 और शिक्षक वर्ग में 86 वोट पड़े। नोडल अधिकारी रोहित कुमार मौर्य की देखरेख में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ और बाद में पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। (संवाद)
महेवा में मतदान के दौरान गहमागहमी, चुनावी कार्यालय हटवाए
बकेवर। आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में शुक्रवार को बकेवर और महेवा में मतदान के दौरान राजनीतिक गहमागहमी रही। बकेवर के क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान केंद्र पर स्नातक बूथ में 1385 में से 525 मत पड़े, जिनमें 149 महिलाएं और 376 पुरुष थे। शिक्षक बूथ पर 270 में से 184 मतदाताओं ने वोट डाले। महेवा के लोकमान्य रूरल इंटर कॉलेज में स्नातक के दो बूथों पर 1935 में से 661 और शिक्षक बूथ पर 184 में से 137 वोट पड़े। स्नातक के बूथों पर लंबी कतारें लगीं। जांच में अधिक समय लगने की शिकायत भाजपा नेता शिवमहेश दुबे ने डीएम से की। मतदान केंद्र से 200 मीटर से कम दूरी पर बने चुनावी कार्यालय एसडीएम भरथना और सीओ ने हटवाए। इस दौरान सपा विधायक राघवेंद्र सिंह गौतम से अधिकारियों की बहस हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। (संवाद)
भरथना में संपन्न हुआ शांतिपूर्ण मतदान
भरथना। कस्बे के एसएवी इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। केंद्र पर शिक्षक निर्वाचन के लिए बूथ संख्या 109 तथा स्नातक निर्वाचन के लिए बूथ संख्या 184 और 185 बनाए गए थे। पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव और बार एसोसिएशन भरथना के पूर्व अध्यक्ष रामकुमार यादव रम्मू ने भी मतदान किया। (संवाद)
-
पूर्व मुख्यमंत्री ने किया मतदान
सैफई। सैफई के मतदान बूथ पर सपा प्रमुख और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मतदान किया। इसके साथ सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव सहित कई लोगों ने मतदान किया। (संवाद)
-
स्नातक सीट पर मतदान घटा, शिक्षक सीट पर बढ़ा मतदान
इटावा। स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में इस बार मतदान के रुझान में अंतर देखने को मिला। जिले में स्नातक सीट पर 38.13 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि पिछले चुनाव में 38.61 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस तरह स्नातक सीट पर मतदान प्रतिशत में 0.48 अंक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, शिक्षक सीट पर इस बार 64.52 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि पिछले चुनाव में 59.55 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। इस प्रकार शिक्षक सीट पर मतदान प्रतिशत में 4.97 अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। (संवाद)
फोटो 36:: शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में लगी मतदाताओं की लाइन। संवाद
फोटो 36:: शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में लगी मतदाताओं की लाइन। संवाद
फोटो 36:: शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में लगी मतदाताओं की लाइन। संवाद
फोटो 36:: शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में लगी मतदाताओं की लाइन। संवाद