जसवंतनगर। ग्राम कुंजपुर में मुख्य मार्ग पर जलभराव और गंदगी से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीण नीलेश कुमार, रानू यादव, अजय कुमार, धर्म नारायण, रामवीर सिंह का कहना है कि गांव के मुख्य मार्ग के दोनों ओर बनी नालियां लंबे समय से कीचड़ और कचरे से पटी हैं। इस कारण पानी की निकासी बंद हो गई है जिससे सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है। सड़क पर भरे गंदे पानी के कारण लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। बच्चे कई बार फिसलकर गिर जाते हैं जबकि बुजुर्गों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का यह भी कहना है कि गांव के बाबा आशा राम मंदिर पर मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें गुरुवार को प्रभात फेरी भी निकाली जानी है। ऐसे में मार्ग पर जलभराव होने से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत स्थानीय प्रशासन, जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका। इस संदर्भ में एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए सफाई कर्मियों को भेज दिया गया है और जल्द ही नालियों की सफाई कराकर जलभराव की समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।