उत्तर प्रदेश के इटावा में एक बार फिर पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है। दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर बलरई थानाक्षेत्र निवासी एक किशोरी ने शुक्रवार को ट्रेन से कटकर जान दे दी। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि बुधवार को हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाने वह थाने पहुंचे तो पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय उल्टा उन्हेें गाली देकर थाने से भगा दिया।
वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि किशोरी के भाई की तरफ से मिली तहरीर की जांच की जा रही थी, इसी बीच उसने आरोपी पक्ष से समझौता कर लिया था। बलरई थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि 17 वर्षीय बहन बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे खेत गई थी। तभी गांव के एक युवक ने उसे पीछे से पकड़ लिया था।
बहन के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और छेड़छाड़ कर दुष्कर्म का प्रयास किया। वह किसी तरह छूटकर भागी और घर आकर मामले की जानकारी दी। ग्रामीणों को एकत्र होता देख आरोपी भाग निकला था। भाई ने बलरई थाने में थानाध्यक्ष से मामले की शिकायत की। युवक का आरोप है कि थानाध्यक्ष व वहां मौजूद एक दरोगा ने तहरीर ली लेकिन मामले में कार्रवाई नहीं की।