इटावा। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान सोमवार को प्रश्नपत्रों के खौफ और प्रशासन की सख्ती का असर साफ नजर आया। हाईस्कूल के अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषय और इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा में जिले भर के 2581 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। चप्पे-चप्पे पर तैनात सचल दलों और जोनल मजिस्ट्रेटों की सक्रियता के चलते कोई भी नकलची हत्थे नहीं चढ़ सका।
सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी और इंटर के व्यावसायिक विषयों की परीक्षा हुई। अंग्रेजी के पेपर को लेकर परीक्षार्थियों में खासा तनाव देखा गया। जिले के 67 केंद्रों पर पहली पाली में कुल 15,834 पंजीकृत छात्रों में से 14,724 उपस्थित रहे, जबकि 1110 छात्र गैरहाजिर रहे। वहीं, दूसरी पाली में इंटर जीव विज्ञान और गणित जैसे विषयों में 21,663 परीक्षार्थियों में से 1471 ने परीक्षा छोड़ दी। पूरे दिन में कुल अनुपस्थित रहने वालों का आंकड़ा 2581 तक पहुंच गया।
नकल विहीन परीक्षा के दावों को परखने के लिए मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक राजेश कुमार वर्मा और डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने जसवंतनगर क्षेत्र के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सुघर सिंह इंटर कॉलेज और सैफई के केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। वहीं, राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक प्रतिभा मिश्रा और नीता कटारिया ने भरथना और साम्हों क्षेत्र के आरके इंटर कॉलेज व एसएवी इंटर कॉलेज समेत कई केंद्रों का निरीक्षण किया।