इटावा। बुधवार को भी कोरोना रोधी टीका कम पड़ जाने पर तीसरे दिन भी लोगों को स्वास्थ्य केंद्रों से लौटना पड़ा। इनमें ज्यादातर लोगों को टीका लगवाने के लिए तारीख भी मिल चुकी थी। हालांकि कुछ स्थानों पर कोवैक्सीन का टीका लग रहा है लेकिन कोविशील्ड खत्म हो चुकी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 537 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जिले के 11 केंद्रों पर इनको टीका लगाया गया।
कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए लोगों में टीका लगवाने के लिए रुझान बढ़ा है। स्वास्थ्य विभाग भी टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक कर रहा है। इधर तीन दिन से वैक्सीन की कमी से लोग निराश होकर स्वास्थ्य केंद्रों से लौट रहे हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. सतेंद्र सिंह यादव ने बताया बुधवार को शहर समेत जिले में कुल 11 स्थानों पर 537 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। जिले को ढाई हजार कोविशील्ड तथा पांच सौ कोवैक्सीन की डोज देने का लक्ष्य है। गुरुवार की सुबह पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन आ जाएगी। गुरुवार को 19 स्थानों पर तीन हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
राजपुर सीएचसी से 100 लोग लौटे
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में दूसरे दिन भी वैक्सीन की कमी से ग्रामीण काफी देर तक इंतजार करने के बाद लौट गए। ग्राम बंशरी, बिठौली, पिपरौली गढ़िया, सिंडोस, कोला, रनिया आदि इलाकों से अस्पताल में पहुंचे करीब सौ से अधिक ग्रामीण बिना टीका लगवाए लौट गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डा. उदय प्रताप सिंह यादव ने बताया वैक्सीन संभवत: गुरुवार को आ जाएगी।
भरथना में 50 लोगों को टीका लगा
भरथना नगर पालिका परिषद के कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगे कैंप में बुधवार को 50 लोगों का वैक्सीनेशन कराया गया। स्टाफ नर्स योगिता ने टीकाकरण किया। इस कार्य में आदित्य प्रताप सिंह भदौरिया, पवन कुमार पोरवाल, अमित कुमार पोरवाल, अरविंद रावत का सहयोग रहा।