पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार का सबसे ज्यादा जोर बेरोजगारी दूर करने और कानून व्यवस्था दुरुस्त करने पर है। प्रदेश सरकार ने जिस तरह चुनावी घोषणाओं को एक-एक कर पूरा किया है, उससे विरोधियों के हौसले पस्त हैं और वे कानून व्यवस्था को लेकर दुष्प्रचार में लगे हुए हैं।
बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से पीड़ित किसानों को हमारी सरकार ने करीब 2 हजार करोड़ रुपये की राशि बतौर राहत वितरित की है। ऐसा किसी भी राज्य सरकार ने नहीं किया।
शनिवार रात एक शादी समारोह में आए मंत्री ने यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान और नई दिल्ली आदि प्रदेशों में कानून व्यवस्था के हालात खराब होने के बावजूद विपक्ष को नजर नहीं आते। अखिलेश सरकार ने सत्ता में आने के बाद से ही युवाओं और बेरोजगारों को काम देने पर जोर दिया। आज हर विभाग से नौकरियों के अवसर निकाले हैं।
श्री यादव ने कहा कि मोदी सरकार ने एक साल के कार्यकाल में ही देश को निराश कर दिया है। उन्होंने कहा कि नौकरशाही पर सरकार का खासा ध्यान है और ऐसे अफसरों को चिह्नित किया जा रहा है जो जनता को परेशान करने और भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। ये अफसर सरकार की प्राथमिकताओं को नजरअंदाज कर योजनाओं के क्रियान्वयन में रोड़ा बन रहे हैं।
श्री यादव यहां नगर के रामलीला वाली बगिया में राजकमल गुप्ता के बेटे की शादी में शरीक होने आए थे। इस दौरान राजीव गुप्ता बब्लू, अजय गुप्ता लम्बरदार, अजेंद्र सिंह गौर, ताले सिंह यादव, नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, राजीव यादव, रामनरेश यादव पप्पू, प्रमोद गुप्ता आदि मौजूद रहे।