इटावा। रेल प्रशासन ने ग्रीष्मकाल के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। राहत की बात यह है कि इन दोनों ही ट्रेनों का ठहराव जंक्शन स्टेशन पर दिया गया है जिससे जिले के यात्रियों को दिल्ली (दादरी) और राजस्थान व बंगाल की ओर आने-जाते समय काफी सुविधा होगी।
रेलवे पीआरओ अमित कुमार के अनुसार, स्पेशल ट्रेनें एक मई तक चलाई जाएंगी। सूबेदारगंज (प्रयागराज) से दादरी के बीच चलने वाली ट्रेन (02417/02418) 30 अप्रैल और दादरी से 23 अप्रैल से एक मई तक प्रतिदिन चलेगी। दादरी से चलकर यह ट्रेन देर रात 12:58 बजे पर और वापसी के दौरान यह ट्रेन सुबह 10:43 बजे इटावा जंक्शन आएगी। वहीं, दूसरी ट्रेन उदयपुर सिटी-आसनसोल-उदयपुर सिटी स्पेशल चलाई जा रही है। यह ट्रेन राजस्थान और पश्चिम बंगाल को जोड़ेगी।
इसका उदयपुर से 28 अप्रैल यानी मंगलवार और आसनसोल से 30 अप्रैल यानी अगला गुरुवार को एक-एक फेरा निश्चित किया गया है। उदयपुर से चलकर यह ट्रेन गुरुवार की दोपहर 2:15 बजे इटावा आएगी। वहीं आसनसोल से वापसी गुरुवार की देर रात 12:35 बजे आएगी। इस ट्रेन से जयपुर, आगरा, टूंडला, कानपुर, सूबेदारगंज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और गया जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा रहेगी।