इटावा। सिविल लाइन थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम ने सिविल जज का मोबाइल लूटने वाले बाइक सवार दो लुटेरों को धर्मनगर जाने वाले खडंजे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि दोनों के पास से लूट का मोबाइल, फर्जी नंबर प्लेट, बाइक व एक चाकू बरामद हुआ।
सिविल लाइन थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह ने बताया कि आठ अक्टूबर की शाम को सिविल जज सीनियर डिवीजन जसवीर सिंह यादव जज कंपाउंड के बाहर टहल रहे थे। तभी मोबाइल पर किसी का कॉल आने पर वह बात करने लगे।
इसी दौरान बाइक सवार दो लुटेरे झपट्टा मारकर उनका मोबाइल लूट ले गए थे। इस संबंध में जज कंपाउंड में ड्यूटी करने वाले बढ़पुरा के पूठन गांव निवासी सुभाष सिंह ने मोबाइल लूट की तहरीर दी। मामले में एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह के आदेश पर थाने में लूट की रिपोर्ट दर्जकर लुटेरों की तलाश शुरू की।
क्राइम ब्रांच व पुलिस 15 अक्तूबर को लोहन्ना चौराहा पर मौजूद थी। तभी सटीक सूचना पर पुलिस टीम लायन सफारी रोड से धर्म नगर को जाने वाले खड़ंजा के पास पहुंची। यहां पर पहले से मौजूद बाइक सवार दो लोगों को पुलिस ने लूटपाट व छिनैती की साजिश रचते समय पकड़ लिया।
दोनों ने अपने नाम भरथना के कुंआरा गांव निवासी राघवेंद्र सिंह व अनुज कुमार बताया। तलाशी के दौरान इनके पास से सिविल जज से लूटा गया मोबाइल फोन, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक व चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस ने कोर्ट में पेशकर दोनों को जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि सिविल जज से मोबाइल लूटने के बाद दोनों ने एकांत जगह पर जाकर बाइक की नंबर बदल कर दूसरी लगा ली, जिससे यह लोग पुलिस को गुमराम करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने दोनों लुटेरों को फर्जी नंबर प्लेट के साथ गिरफ्तार कर लिया।