सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल सुमन बालू शिंदे। संवाद
- फोटो : ETAWAH
बसरेहर (इटावा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह दिल्ली से अयोध्या जा रहे कर्नाटक के पर्यटकों की बस में चौबिया थाना क्षेत्र में कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में दो टूरिस्टों की मौत हो गई और 11 घायल हो गए। घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक और क्लीनर कंटेनर छोड़कर भाग गए।
कर्नाटक के पर्यटकों से भरी बस दिल्ली से अयोध्या जा रही थी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के चौनल नंबर 113 पर बुधवार को सुबह करीब 4:30 बजे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में टक्कर मार दी। हादसे में बेलगाम जिले के सेकेवर थाना क्षेत्र के बुखोकुल निवासी बिट्ठल मारुति पुत्र मारुति सुता और उनकी पत्नी सुलोचना की मौत हो गई।
इसके अलावा सुमन पत्नी बडो शिंदे, विनीता पत्नी रामदेव काकड़, सुशीला पत्नी जीपति कनझे, सुरपाल कापड़े पुत्र मारुति, शांता बाबू मोप्ले पुत्र बाबू अलूर, इंदु बाई पत्नी रामचंद्र, बालू इटोवा सिंधे पुत्र इटोवा, कंचन कावले पत्नी विजय कावले, लक्ष्मी पत्नी सरेगो, बाबूराम बाबर पुत्र राम राशिंग, मृगदेव पुत्र संदीप बाबर (सभी निवासी सकेवर जिला बेलगाम) घायल हो गए।
चौबिया थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। थाना प्रभारी अंकुश कुमार राघव ने बताया कि हादसे के बाद कंटेनर छोड़कर चालक और खलासी भाग गए हैं।
सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल बाबू रामू बाबर। संवाद- फोटो : ETAWAH