बकेवर थाना क्षेत्र के बहेड़ा नहर पुल के पास नहर में नहाने के लिए गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर गांव तथा परिवार वाले मौके पर पहुंचे और पुल के पास गहरे गड्ढे से बच्चों के शवों को बरामद कर लिया।
बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बकेवर थाना क्षेत्र के गांव पुरावली निवासी ओमप्रकाश सविता के पुत्र लालजी की महेवा स्थित एक मैरिज होम में शादी थी। समारोह में रिश्तेदारों के अलावा परिवार के लोग भी शामिल थे। मंगलवार की सुबह परिवार के लोग शादी की रस्मों में व्यस्त थे।
तभी प्रदीप सविता निवासी पुरावली का 13 वर्षीय पुत्र रोहित और ओमप्रकाश का नौ वर्षीय पुत्र अंक़ुर अपने कुछ साथियों के साथ नहर में नहाने के लिए गया था। चूंकि इस समय नहर में पानी नहीं है। पुल के पास गड्ढों में पानी भरा हुआ है। बच्चे उसी में नहाने लगे। पहले अंकुर डूब गया।
इसके बाद उसे बचाने के लिए रोहित गया तो वह भी पानी में डूब गया। साथ में गए बच्चों ने दोनों को डूबते देखा तो वे भाग कर मैरिज होम में पहुंचे और परिजनाें को जानकारी दी।
एक साथ दो बच्चों के डूबने की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और बच्चों की खोजबीन शुरू की। इस दौरान पुल के पास गड्ढे से दोनों शवों को बरामद कर लिया गया। दोनों बच्चों के घर में उनकी मौत से माहौल गमगीन हो गया। ब्यूरो