रेलवे मंत्रालय की ओर से स्टेशनों की सफाई को लेकर शुरू किए गए रेल पखवारे का असर स्थानीय स्टेशन पर नहीं दिखा। अफसरों की लापरवाही की वजह से स्टेशन पर हर तरह गंदगी ही दिखाई दी।
26 मई से 9 जून तक चलने वाल रेल यात्री पखवारा मंगलवार को खत्म हो गया पर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ। सोमवार तक स्थिति यह रही कि स्टेशन पर अव्यवस्थाओं का आलम दिखा। सर्कुलेटिंग एरिया के साथ रेलवे परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली पड़ी थी। हालांकि मंगलवार को कई जगह पर स्थिति बदली जरूर नजर आई।
इटावा रेलवे स्टेशन पर तो अफसरों ने पखवारा से जुड़ी खानापूरी तक नहीं की। रेलवे स्टेशन पर फैली अव्यवस्थाओं यात्रियों के सामने समस्याएं पैदा करती रहीं। बात सफाई व्यवस्था की करें तो वह भी स्थानीय रेलवे स्टेशन पर चौपट दिखी। पखवारे की पूर्व संध्या तक सर्कुलेटिंग एरिया में ही चारों ओर गंदगी बिखरी पड़ी दिखी।
कई जगह पर यात्रियों का स्वागत गंदगी के साथ होता रहा। सर्कुलेटिंग एरिया में टॉयलेट न होने से जगह-जगह यूरिन की दुर्गंध से यात्री परेशान होते दिखे। मंगलवार को निरीक्षण को लेकर थोड़ी राहत जरूर रही।
बदहाल पड़ा है रेलवे का पार्क
सर्कुलेटिंग एरिया में पार्क का निर्माण भी कराया गया था। मौजूदा समय में यह पार्क बदहाल पड़ा है। न तो यहां फौव्वारा चलता है और न ही फूल पत्ती ही नजर आती हैं।
स्थिति यह है कि वर्षों से बंद पड़े पार्क में यात्री कूड़ा कचरा फेंक देते हैं। अगर अफसर इस पार्क का इस जीर्णोद्धार करा दें तो रेलवे स्टेशन की खूबसूरती में चार चांद लग जाएंगे। अफसोस पार्क की दयनीय हालत की ओर देखने वाला भी कोई नहीं है।
वाहनों से पैदा होती मुसीबत
इटावा रेलवे स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था भी चौपट है। सर्कुलेटिंग एरिया का इस्तेमाल पार्किंग के रूप में किया जाता है। वाहन स्टैंड ठेकेदार मनमर्जी वाहनों को सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ा करा देते हैं।
ऐसे में यात्रियों को निकलने में परेशानी होती है। साथ ही ऑटो चालक भी सर्कुलेटिंग एरिया में अपने-अपने वाहनों को खड़ा कर लेते हैं। इससे भी यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। वहीं आरपीएफ और जीआरपी की ओर से जब्त किए गए वाहन भी सर्कुलेटिंग एरिया में खड़े होकर कबाड़ हो रहे हैं।
निरीक्षण में डीपीओ को भी मिलीं खामियां
इटावा। रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को मंडल कार्मिक अधिकारी इलाहाबाद (डीपीओ) बीपी सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां मिलने पर उन्होंने कई निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रेल यात्री पखवारा के तहत स्टेशन अधीक्षक के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन पर झाड़ू भी लगाई।
मंगलवार को डीपीओ श्री सिंह ने स्थानीय अफसरों के साथ रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण किया। इसकी शुरुआत उन्होंने प्लेटफार्म नंबर एक से की। इसके बाद उन्होंने अन्य प्लेटफार्मों पर जाकर व्यवस्थाएं देखी। साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया में भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद रेल यात्री पखवारा को लेकर उन्होंने स्टेशन अधीक्षक आरके त्रिपाठी व अन्य अफसरों के साथ मिलकर स्टेशन परिसर में झाड़ू भी लगाई। निरीक्षण के बात उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सुधार की काफी गुंजाइश है।
उन्होंने यात्रियों से भी वार्ता करके व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव जाने। उन्होंने बताया कि अफसरों को साफ सफाई चाकचौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण में पूछताछ खिड़की पर लगा फेस टू फेस सिस्टम बंद मिला है। साथ ही स्टेशन परिसर में मालगोदाम में लगाई गई हाईमास्क लाइट के न जलने की जानकारी हुई है। आए दिन प्लेटफार्म नंबर एक पर मालगाड़ी खड़े होने से यात्रियों को होने वाली परेशानियों का भी उन्होंने संज्ञान लिया।
उन्होंने कहा कि प्लेटफार्म की ओर भी पूछताछ खिड़की होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के बाद वह निरीक्षण नोट तैयार करेंगे और व्यवस्थाओं के आधार पर स्टेशन को ग्रेड देंगे।
इसके बाद यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जो भी जरूरतें हैं उनका जिक्र करते हुए निरीक्षण नोट आला अफसरों को सौंपेंगे, जिससे भविष्य में सुधार हो सके। निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक आरके त्रिपाठी, टीआई नंदलाल, रोहित कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।