जसवंतनगर। जोनई चौकी-मीठेपुर चौकी बॉर्डर पर स्थित नेशनल हाईवे पर गुरुवार को सड़क डायवर्जन के पास दो बसों की भिड़ंत हो गई। हादसे में चार यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
फिरोजाबाद से इटावा की ओर जाने वाले हाईवे पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते सड़क पर अस्थायी डायवर्जन बनाया गया है। बताया गया कि आगे चल रही एक बस डायवर्जन पर बने डिवाइडर से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बस अनियंत्रित होकर आगे वाली बस में जा घुसी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बसों में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में मुन्नी देवी निवासी नोरंगाबाद, सुरेंद्र कुमार निवासी अजीतमल औरैया, अरुण कुमार निवासी चौबिया तथा मोहित कुमार निवासी फफूंद औरैया समेत कई यात्री घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश घायलों को घर भेज दिया गया। हाईवे टीम ने दोनों बसों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। हादसे के चलते कुछ देर तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।