इटावा। रेलवे की टिकटों को दूसरी आईडी (परिचय पत्र) से बनाकर लोगों को देने के मामले में आरपीएफ ने भरथना के नेविलगंज स्थित साइबर कैफे में छापामार कार्रवाई की। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनके पास से एक कंप्यूटर सहित करीब 16 ई टिकटें भी बरामद की गई है। बरामद टिकटों के संबंध में जांच की जा रही है।
आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि इलाहाबाद रेलवे मंडल को लगातार यह जानकारी मिल रही थी कि एक साइबर कैफे से रेलवे की टिकटों को दूसरे की आईडी पर बनाया जा रहा है। इलाहाबाद रेलवे मंडल ने इसकी जानकारी सीआईबी इंस्पेक्टर टूंडला प्रभात चौधरी को दी गई। उन्होंने आरपीएफ की मदत से भरथना स्थित नेविलगंज के पायल मोबाइल पर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान साइबर मालिक लक्ष्य गुप्ता पुत्र ज्ञान प्रकाश गुप्ता निवासी गली गोदाम भरथना व उनके साइबर पर काम करने वाले आकाश प्रजापति पुत्र दीपचंद निवासी सियापुर थाना भरथना को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से 16 ई टिकट बरामद की गई है। इससे पहले उन्होंने करीब 626 ई टिकटें करीब छह माह में बनाई है। इनकी कीमत करीब 6 लाख 79 हजार 615 रुपए बताई गई है। इनके पास से एक कंप्यूटर, मॉनीटर, प्रिंटर, एक मोबाइल फोन, 29 सौ रुपए बरामद किए गए है। छापामार कार्रवाई के दौरान हैड कांस्टेबिल अजय कुमार, सिपाही बृजेंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।