बसरेहर,इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के गांव नगला दया से पढ़ने स्कूल जा रहे दो छात्रों को टेंपो में सवार लोगों ने बेहोश कर अपहरण कर लिया। उक्त लोग छात्रों को ट्रेन से कानपुर ले जा रहे थे तभी रास्ते में होश आने पर छात्रों ने शोर मचा दिया। छात्रों के शोर मचाने पर अगवा करने वाले लोग फरार हो गए। बाद में छात्रों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों छात्रों को उनके घर भेजा। परिजनों ने छात्रों के वापस आने पर राहत की सांस ली।
गांव नगला दया थाना चौबिया में दोबा औरैया निवासी संदेश कुमार (10) व द्रगपाल (10) रिश्तेदारी में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। वह दोनों स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल बसरेहर में कक्षा पांच के छात्र हैं। शनिवार को वह टेंपो से स्कूल जा रहे थे।
तभी टेंपो में सवार लोगों ने उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघा कर बेहोश कर दिया। छात्रों ने बताया कि उसे ट्रेन से लेकर जा रहे थे तभी रूरा के पास उन्हें होश आया। मौका पाकर उन्होंने शोर मचाया तो वे लोग भाग निकले । इसी बीच ट्रेन चल दी और वह कानपुर पहुंच गए।
वहां जाकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों के परिजनों पर इसकी सूचना दी। इसी बीच पुलिस कर्मियों के साथी इटावा आ रहे थे तो दोनों छात्रों को उनके घर पहुंचाने के लिए उनके साथ भेज दिया।
रविवार की सुबह दोनों छात्र सकुशल अपने घर पहुंच गए। छात्रों के लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। चौबिया पुलिस ने बताया कि पूछताछ में छात्र यह नहीं बता सके कि उन्हें ले जाने वाले कितने लोग थे। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।