इकदिल। ददोरा-मानिकपुर मार्ग पर शुक्रवार शाम बेकाबू ट्रक ने एक वृद्ध को कुचल दिया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले कि ट्रक चालक भाग पाता, उसे घेर कर पकड़ लिया गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। जमकर हंगामा किया। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस के पहुंचने के बाद उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया।
इकदिल थाना क्षेत्र के बरा खेड़ा के गांव अड्डा अजुद्दी के रहने वाले राम गोपाल (62) शुक्रवार की शाम साढ़े पांच बजे अपने घर से हविलिया तिराहे के पास बनी दुकान से घर के लिए सामान खरीदने गए थे। सामान लेकर घर जाने के लिए सड़क किनारे पर खड़े थे। तभी ददोरा की तरफ से ईंटे लेकर आ रहे ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। ट्रक की टक्कर से वृद्ध गिर गए और लोडर का पहिया उनके सिर को कुचलता हुआ निकल गया। लोगों ने ट्रक रोक लिया और चालक पकड़ लिया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीण बिफर गए और सड़क पर पहुंच गए। उन्होंने जाम लगा दिया। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों समझा-बुझाकर शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के बेटे कल्याण सिंह ने बताया कि पिता बेकरी से सामान लेने गए थे। राम गोपाल दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई रामचरण ने बताया उनके दो बेटे रामस्वरूप और कल्याण सिंह हैं। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। उनकी पत्नी फूलन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।