लवेदी। बकेवर बिजलीघर के सराय जलाल फीडर के अंतर्गत इंगुर्री गांव में सोमवार शाम से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब 10 से 15 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। पांच दिन बीतने के बाद भी ट्रांसफार्मर ठीक न होने से ग्रामीण परेशान हैं। बिजली न होने के कारण मोबाइल चार्ज करने के लिए भी लोगों को दूसरे घरों का सहारा लेना पड़ रहा है। पशुओं के पानी और घरेलू कामकाज को लेकर भी दिक्कतें बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना लाइनमैन मोहसिन खान को दी गई थी। वह मौके पर पहुंचे और उसे ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत अधिकारियों को भेजी गई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के अलग-अलग मोहल्लों के लिए 25-25 केवीए के तीन अन्य ट्रांसफार्मर लगे हैं। इससे गांव के अन्य हिस्सों में बिजली आपूर्ति बनी हुई है। प्रभावित मोहल्ले में पानी के लिए केवल दो नल चालू हैं। इन्हीं से पूरे मोहल्ले के लोग पानी भर रहे हैं। ग्रामीण उपेंद्र सिंह, पप्पन सिंह, डब्बू सिंह, राधावल्लभ पाल और कन्हैया सिंह आदि ने जल्द ट्रांसफार्मर ठीक कराने की मांग की है। जूनियर इंजीनियर आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए भेजी गई है। दो-तीन दिन में समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।
भिंडीयापुरा में नौ दिन से ट्रांसफार्मर खराब, ग्रामीण बेहाल
उदी। बढ़पुरा विकासखंड के भिंडीयापुरा गांव में पिछले करीब नौ दिन से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा होने के कारण ग्रामीण बिजली संकट से जूझ रहे हैं। लगातार कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के चलते गांव में पेयजल व्यवस्था से लेकर घरेलू कामकाज तक प्रभावित हो रहे हैं। शाम होते ही गांव में अंधेरा छा जाने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद विद्युत विभाग को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन नौ दिन बीतने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। बिजली के अभाव में पानी की मोटर नहीं चल पा रही है। वहीं मोबाइल चार्ज करने, पंखे चलाने और बच्चों की पढ़ाई समेत अन्य जरूरी काम भी प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।