मैनपुरी रेलवे क्रासिंग के निकट डाउन ट्रैक पर खुली जोगल प्लेट से गुरुवार रातभर ट्रेनें गुजरती रहीं। रेलवे को शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति ने इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। रेलवे कर्मियों ने जोगल प्लेट के खुले पड़े दोनों बोल्टों को कसा। करीब आधे घंटे बाद आवागमन शुरू हो सका। इस दौरान नीलांचल व मुरी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें पीछे के स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
शुक्रवार को शहर के मोहल्ला शांति कालोनी निवासी बलवीर सिंह ने सुबह 10:45 बजे स्टेशन पर पहुंचकर रेल कर्मियों को डाउन ट्रैक की एक जोगल प्लेट खुली होने की जानकारी दी। तुरंत ही रेलवे हरकत में आ गई और 10 बजकर 55 मिनट पर ब्लाक लगाकर ट्रैक पर ट्रेनों के संचालन को रोक दिया गया। इसके बाद मेट उदय सिंह को मौके पर भेजा गया और आरपीएफ को भी उक्त मामले के जांच के निर्देश दिए गए। मौके पर पहुंचे मेट को डाउन ट्रेक के खंभा नंबर 1158/6-8 के बीच ट्रैक के ज्वांइट पर कसी गई जोगल प्लेट के दोनों बोल्ट खुले मिले। मेट ने बोल्टों को कसकर इसकी जानकारी अधिकारियों को दी और 11 बजकर 25 मिनट पर ब्लाक हटाकर ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया। आरपीएफ एसआई डीपी सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन कर उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इस घटना के चलते डाउन ट्रैक पर आधा घंटे तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। नीलांचल एक्सप्रेस सरायभूपत स्टेशन पर व मुरी एक्सप्रेस इससे पीछे के सिगभनल पर खड़ी रही। आधा दर्जन मालगाड़ियां भी एक के पीछे एक खड़ी रहीं। वहीं स्टेशन अधीक्षक आरके त्रिपाठी ने मामले की जानकारी से इनकार किया।
ज्वाइंट सुरक्षित करने को लगती हैं जोगल प्लेट
इटावा। ट्रैक पर लगाए गए ज्वाइंट को सुरक्षित करने के लिए इसके दोनों ओर लंबी प्लेटें लगाकर इसे बोल्टों से कस दिया जाता है। जिससे कभी ज्वाइंट के चटकने पर आने जाने वाली ट्रेनों को खतरा न हो।