राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के 12वें दिन सोमवार को यातायात संबंधी जागरुकता अभियान ग्वालियर बस स्टैंड पर चलाया गया। अभियान के दौरान बताया गया कि गलत साइड व लेन ड्राइविंग के विपरीत वाहन संचालन से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस दौरान सभी को सड़क सुरक्षा संबंधी पंफलेट का वितरण भी किया गया।
बस यूनियन के माध्यम से चालकों-परिचालकों को सड़क सुरक्षा के संबध में जागरूक किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि वाहन चलाते समय रियर व्यू मिरर (साइड ग्लास) का प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय दिमाग शांत रखना, सवारियों व सड़क पर चलने वाले अन्य व्यक्तियों के प्रति भी अपने दायित्वों का निवर्हन करना चाहिए। इस दौरान वाहनों के रख-रखाव एवं वाहनों के संचालन पूर्व सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया।
यात्री व मालकर अधिकारी एके जैसल ने मौसम और सड़क के हालात के अनुसार रक्षात्मक चालन करने, वाहन लाइटों और हॉर्न का प्रयोग करने, वाहन की गति सीमित रखने और सड़क पर दूसरे वाहनों से दूरी बनाकर चलने आदि यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया। कार्यशाला में बस ऑपरेटर व चालक-परिचालक और प्रवर्तन कर्मी उपस्थित रहे।