सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने पंचनद बांध परियोजना की स्वीकृति देने के लिए रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उनका आभार जताया।
सांसद ने कहा कि उनके लोकसभा क्षेत्र इटावा के औरैया, जालौन एवं कानपुर देहात जिलों में किसानों को फसल सिंचाई के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है। एक ही स्थान पर पांच नदियों यमुना, चंबल, सिंधु, क्वारी एवं पहुज के पंचनद स्थल पर एक लंबे क्षेत्रफल में जलभराव रहने से काफी पानी बर्बाद होता है।
बताया वर्ष 1976 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पंचनद स्थित ग्राम सड़रापुर में पहुंचने पर जनता की मांग पर बांध बनाने की घोषणा की थी। लेकिन तब से अब तक कोई निर्माण कार्य नहीं हो सका।
सांसद ने कहा पंचनद बांध परियोजना के बन जाने से क्षेत्रीय विकास के साथ-साथ मत्स्य पालन, बिजली उत्पादन, पर्यटन एवं परिवहन के क्षेत्र में लाभ होने के साथ- साथ बुंदेलखंड, कानपुर देहात, औरैया व जालौन की लगभग 60 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचित किया जा सकेगा।
सांसद ने बताया मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि प्रदेश सरकार ही पंचनद बांध परियोजना का निर्माण कराएगी। इस संबंध में सिंचाई मंत्री महेंद्र सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव सिंचाई अनिल गर्ग से मिलकर पंचनद बांध परियोजना के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की।