इटावा। इटावा महोत्सव पंडाल में मंगलवार की सर्द भरी रात अखिल भारतीय संगीत संध्या मेगा नाइट आयोजित हुई। शुभारंभ डीएम श्रुति सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।
डीएम ने बॉलीवुड के मशहूर प्ले बैक सिंगर म्यूजिक डायरेक्टर कंपोजर कृष्णकुमार कुन्नाथ (केके) को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। कृष्ण कुमार कुन्नाथ के गीतों से पंडाल गूंजता रहा।
फिल्मी तराने से युवा दिलों की आवाज बन चुके केके ने एक के बाद एक फिल्मी गीतों के जरिए युवाओं को झूमने पर मजबूर किया। केके की फरमाइश पर युवाओं ने कुर्सियों पर खड़े होकर डांस किया।
कार्यक्रम का केके ने अपने बैंड के साथ तू जो मिला तो हो गया मैं काबिल से किया। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक गाने प्रस्तुत किए। इनमें कैसे बताऊं, कोई कहे कहता रहे हमको भी दीवाना, प्यार हुआ, लबों को लबों से मिला लो।
देसी बॉयज, तू ही मेरी शब है, बातें लंबियां, अभी-अभी, दिल क्यों कहे मेरा, तुम हो मेरा प्यार, तड़प तड़प, हो जाना हमको प्यार हुआ, पिया आए ना, दिल इबादत, आंखों में तेरी अजब ही अदाएं है, आजमा रे, क्या मुझे प्यार है, हां तू है, इंडिया वाले शामिल है।
केके ने अंशुमान सिंह के साथ दुनिया रूठे रूठने दो, कोई छूटे, छूटने दो। हम हैं नए अंदाज क्यों हो पुराना गीत भी गुनगुनाया। कार्यक्रम में केके के साथ मैनेजर हितेश भट्ट, साउंड इंजीनियर आशीष सक्सेना, ड्रमर डिकसे डिमेलो, कीबोर्ड पर रिंकू राजपूत, बेस गिटार पर जयदीप तिरुमाला, लीड गिटार पर कल्याण बरुआ ने दिया।
संचालन फ्रेंड्स इवेंट की एंकर गुंजन राजपूत ने किया। आभार शिवा पांडेय ने जताया। अखिल भारतीय संगीत संध्या मेगा नाइट के साथ महोत्सव के पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन हो गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी सपरिवार शामिल रहीं। साथ ही एडीएम जयप्रकाश, एसडीएम सदर राजेश वर्मा, तहसीलदार श्रीराम यादव, एसडीएम नमृता सिंह, सीओ सिटी अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।