इटावा। पूर्वदशम (कक्षा नौ और दस) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11 और 12) छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर है। वित्तीय वर्ष एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए समाज कल्याण विभाग ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई थी। नए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए 17 नवंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी जिसका आज अंतिम दिन है। वहीं, नवीनीकरण के लिए विद्यार्थी 20 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल ने बताया कि निदेशालय की ओर से संशोधित समय-सारणी जारी की गई है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाना है। उन्होंने बताया कि नए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के पास आवेदन के लिए आज अंतिम मौका है। ऐसे में विद्यार्थी बिना देरी किए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति की धनराशि आधार कार्ड के माध्यम से बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों को अपने संबंधित बैंक में जाकर खाते को एनपीसीआई मैप पर मैप कराना अनिवार्य है। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से समयसीमा के भीतर आवेदन और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है। (संवाद)