सपा मुखिया के पौत्र तेजप्रताप सिंह के तिलकोत्सव को लेकर सैफई में तैयारी जोरों पर चल रही है। वीवीआईपी से लेकर स्थानीय मेहमानों के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। करीब तीन हजार मेहमान लालूप्रसाद यादव की ओर से आने की चर्चा है। वीवीआईपी मेहमानों के आगमन को लेकर शहर के सभी होटल बुक कर लिए गए हैं।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के पौत्र का तिलकोत्सव कार्यक्रम इटावा के लिए यादगार होगा। वैसे तो कार्यक्रम को लेकर तैयारी पिछले एक महीने से चल रही थीं, लेकिन कार्यक्रम का समय नजदीक आते ही तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है।
कार्यक्रम में एक ओर देशभर की नामचीन हस्तियों को निमंत्रण भेजा गया है तो वहीं दूसरी ओर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी कार्ड बांटे गए हैं। खबर है कि खुद बिहार से लालूप्रसाद यादव के साथ करीब तीन हजार मेहमान सैफई आएंगे। मेहमानों के ठहरने के लिए शहर के सभी होटलों को बुक कर दिया गया है।
सपा मुखिया के पारिवारिक सूत्र बताते हैं कि वीवीआईपी मेहमानों के लिए भोजन व्यवस्था करने को दिल्ली के फाइव स्टॉर होटल से कुक बुलाए गए हैं। आम मेहमानों के लिए पंडाल की व्यवस्था अलग-अलग रहेगी। बात व्यंजनों की करें तो स्थानीय व्यंजनों के साथ ही बिहार के व्यंजन सहित कई प्रदेशों के व्यंजन शादी में मेहमानों को परोसे जाएंगे।
आम मेहमानों के लिए गुलाब जामुन और इमरती पिछले एक सप्ताह से सैफई में तैयार हो रही हैं। इसके साथ ही भारी मात्रा में मेहमानों के लिए मिनिरल वॉटर का स्टॉक किया गया है।
प्रदेश सरकार के मंत्री होंगे शामिल
प्रदेश में सपा की सरकार है और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के घर में कार्यक्रम है। ऐसे में प्रदेश सरकार के मंत्री और अधिकारी भी तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। खबर है कि प्रदेश सरकार के प्रत्येक मंत्री को सैफई परिवार की ओर से शादी का कार्ड भेजा गया है। परिवारिक सूत्रों से खबर है कि राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी सहित कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ ही यूपीए के आला नेताओं को तिलकोत्सव कार्यक्रम का निमंत्रण कार्ड सपा मुखिया की ओर से भेजा गया है।
21 की सुबह सैफई पहुंचेंगे लालू
मौजूदा समय में बिहार में राजनीतिक संकट छाया हुआ है। बिहार विधानसभा में 20 फरवरी को विश्वास प्रस्ताव पर मतदान होना है। इस कारण से लालू प्रसाद यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी सहित अन्य मेहमानों के साथ 21 फरवरी की सुबह स्पेशल प्लेन से सैफई पहुंचेंगे।