सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के नाती मैनपुरी के सांसद तेजप्रताप सिंह यादव के तिलकोत्सव कार्यक्रम में देश भर के वीवीआईपी जुटेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के शामिल होने की भी प्रबल संभावना है।
बुधवार सुबह से ही सैफई में एसपीजी की टीम डेरा डाल लेगी। इसके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्रीगण, फिल्म जगत की हस्तियां व उद्योगपति शिरकत करेंगे। राष्ट्रपति प्रणपव मुखर्जी को भी न्यौता भेजा गया है। तिलकोत्सव 21 फरवरी को पैतृक गांव सैफई में होगा।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के नाती तेजप्रताप सिंह यादव उर्फ तेजू की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालूप्रसाद यादव की बेटी से तय हुई है। 21 फरवरी को सैफई में तिलकोत्सव व 26 फरवरी को दिल्ली में शादी कार्यक्रम का आयोजन होना है।
वैसे तो दोनों ही परिवारों की ओर से देशभर की नामचीन हस्तियां तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सैफई पहुंचेंगी। किंतु एसपीजी के डेरा जमाने की वजह से वीवीआईपी मेहमान के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सोनिया गांधी के सैफई आने की संभावना प्रबल हो गई है।
हालांकि जिला प्रशासन के पास दोनों ही हस्तियों के आने का कार्यक्रम अभी तक नहीं आया है। बुधवार को एसपीजी टीम के सदस्य तीन हवाई जहाजों से यहां सैफई हवाई पट्टी पहुंचेंगे। फिर वे यहां सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे। जिलाधिकारी नितिन बंसल ने बताया कि अभी प्रधानमंत्री के आगमन का कोई कार्यक्रम नहीं आया है।
बुधवार को एसपीजी के सैफई आने का कार्यक्रम आ गया है। एसपीजी सैफई पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी। इसके साथ ही बालीवुड के सितारों में अमिताभ बच्चन, जयाबच्चन, ऐश्वर्या राय, रितिक रोशन, सलमान खान सहित बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नितिश कुमार, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव सहित सैकड़ों वीवीआईपी आने की चर्चा है।