जसवंतनगर। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में डेढ़ साल के मासूम समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दो बाइक सवारों को सीएचसी में भर्ती कराया, जबकि मासूम को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रेफर कर दिया।
पहली घटना बलरई थाना क्षेत्र के नगला रामसुंदर गांव में सोमवार को हुई। आकाश ने बताया कि उसका डेढ़ साल का बेटा अविनाश छत पर खेलते समय अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां डॉ. वीरेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया।
दूसरी घटना छिमारा रोड पर प्रतापपुरा गांव के पास हुई। अभिषेक की बाइक अचानक फिसल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से डॉक्टर ने उसे सैफई रेफर कर दिया। तीसरी घटना नेशनल हाईवे पर देर शाम हुई। शहर के कटरा साहब खां निवासी अजहरुद्दीन की बाइक सराय भूपत रेलवे फाटक के पास भोगनीपुर गंगनहर के नजदीक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वह घायल हो गए।
उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी उन्हें जीप से सीएचसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।(संवाद)