इटावा। गांव रामनगर में प्लाट के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। विवाद के दौरान लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
गांव रामनगर निवासी मोहर सिंह ने बताया कि वह अपने प्लाट पर काम करा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए और प्लाट को अपना बताने लगे। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर मारपीट पर उतारू हो गए। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे।
मारपीट में मोहर सिंह, पुष्पा देवी पत्नी हरिओम और शिववीर सिंह घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को थाने ले गई, जहां से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसरेहर भेजा गया। पीड़ित पक्ष ने मामले में थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।