इटावा। जिला महिला अस्पताल में प्रसव के लिए आई महिला का रुपयों और जेवर से भरा पर्स चोरी हो गया। तीमारदार की सूचना पर सिविल लाइन थाने की पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की।
चौबिया थाना क्षेत्र के गांव शेखू पुर पचार निवासी योगेंद्र कुमार की पत्नी गोल्डी गर्भवती थी। सोमवार को उन्हें जिला अस्पताल लाया गया था। रिश्तेदार मंजेश लता निवासी बगिया अड्डा गोल्डी के साथ थीं। रात को प्रसव पीड़ा होने पर गोल्डी को लेबर रूम में ले जाया गया।
उन्होंने मटर माला, मंगलसूत्र और झाले पर्स रखे और पर्स मंजेश को दे दिए। पर्स में पांच हजार रुपये भी थे। पर्स उसने वार्ड में पलंग पर रख लिया। प्रसव के कुछ देर बाद ही गोल्डी की नवजात बच्ची की मौत हो गई। इसी दौरान मंजेश लता किसी काम से चली गई। इस दौरान पलंग पर रखा पर्स किसी ने पार कर दिया। लौटकर आई मंजेश ने यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मंजेश ने बताया कि पर्स में करीब एक लाख रुपये का सामान था।
घर के बाहर बंधी भैंस चोरी
बलरई। निजामपुर से चोर रघुनाथ पुत्र फूलन सिंह जाटव के घर के बाहर बंधी भैंस खोल ले गए। किसान ने बताया कि वह मंगलवार रात को मक्के की खेती में पानी लगाने गए थे। सुबह लौटने पर खूंटा खाली देखकर जानकारी हुई। खोजबीन के बाद पुलिस को तहरीर दी है। (संवाद)