सैफई (इटावा)। बिजली जाने पर सोमवार रात बिहारी भटपुरा गांव में किसान और दिल्ली पुलिस के जवान के परिवार के लोग छत पर सोने चले गए। इसका फायदा उठाकर चोर दोनों घरों से नकदी, जेवर समेत 33 लाख का माल समेट ले गए। पुलिस को सुबह खेत में खाली बैग पड़े मिले। फॉरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड ने भी साक्ष्य जुटाए लेकिन कोई ठोस सुबूत हाथ नहीं लगा। पीड़ितों ने सैफई थाने में तहरीर दी है।
बिहारी भटपुरा निवासी किसान बबलू यादव पुत्र रामपाल भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष भी हैं। सोमवार रात उनके परिवार के लोग आंगन में सो थे। रात करीब 12 बजे बिजली चली गई, इस पर सभी लोग छत पर सोने चले गए। अंधेरे का फायदा उठाकर चोर बाउंड्रीवाल कूदकर घर में घुस गए। पहली मंजिल के कमरे में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर करीब 15 लाख के जेवर व एक लाख रुपये उठा ले गए। सुबह पांच बजे नींद खुलने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। बब्लू से पुलिस को सूचना दी।
बब्लू के घर से पचास मीटर बने दिल्ली पुलिस में सिपाही रोहित यादव पुत्र प्रमोद कुमार के घर पर भी चोरों ने धावा बोला। बिजली जाने के बाद रोहित की मां कमलेश कुमारी छत पर सो रहीं थी। छत पर चढ़कर ही चोर घर में घुस गए। कमरों में ताले तोड़कर अलमारी व बक्सों में करीब 16 लाख के जेवर और 80 हजार रुपये ले गए। सुबह कमलेश कुमारी को चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने वारदात की सूचना देवर आमोद को दी। आमोद ने पुलिस को सूचना दी।
एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह, थाना प्रभारी रमेश सिंह मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड बुलाकर जांच कराई। गांव के रोहित के घर के पास खेत में खाली बैग पड़े मिले। एसपी देहात ने कहा कि जांच की जा रही है।
डूडा कॉलोनी में दिनदहाड़े तोड़े मकान के ताले
जसवंत नगर। कैस्त की डूडा कॉलोनी निवासी ऊषा देवी पत्नी सुरेश चंद्र के पिता बीमार हैं। सोमवार को सुबह करीब 10 बजे वह घर पर ताला लगाकर पिता को देखने डुंगरी गांव गईं थीं। दिनदहाड़े़ मकान पर लगा ताला ताड़कर चोर बक्से से 10 हजार रुपये, कुंडल, पायलें व साड़ियां ले गए। शाम को लौटीं ऊषा ताला टूटा देखकर हक्का-बक्का रह गईं। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। (संवाद)
गुमटी से ले गए नकदी और सामान
जसवंतनगर। नगला इच्छा गांव के तेज प्रबल प्रताप उर्फ राजू हाईवे किनारे गुमटी पान मसाला व कोल्डड्रिंक बेचते हैं। सोमवार रात गुमटी के ताले तोड़कर चोर चार हजार रुपये और सामान चुरा ले गए। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। (संवाद)