इकदिल। थानाक्षेत्र के चांदनपुर साला गांव में एक ही स्थान पर बने हुए तीन मंदिरों से दानपात्र व पीतल के घंटे चोरी हो गए। शुक्रवार देर रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। शनिवार की सुबह पुजारी मंदिर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। पुजारी की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चांदनपर साला गांव में शिव मंदिर, दुर्गा मंदिर और बजरंग बली का मंदिर एक स्थान पर आसपास है। मंदिर के पुजारी चंद्र प्रकाश उर्फ चिन्मयानंद ने बताया कि शुक्रवार को वह मंदिर में ताला लगाकर घर गए थे।
शनिवार की सुबह वह मंदिर पूजा-अर्चना करने पहुंचे, तो मंदिर में रखा दानपात्र और वहां लगे पीतल के घंटे गायब थे। पुजारी कहना है कि दानपात्र से लगभग 45 हजार रुपये थे। मंदिर से चोरी हुए पीतल के छह घंटों वजन 70 किलोग्राम और मातारानी के वस्त्र और आभूषण लगभग कीमत 25 हजार रुपये है।
थानाध्यक्ष अलमा अहिरवार ने बताया की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।