इकदिल। नेशनल हाईवे पर देर रात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भिजवाया। सात माह पहले युवक के बड़े भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। दो बेटों की मौत होने के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
क्षेत्र के गांव नगला दलप निवासी बॉबी उर्फ माइकल (21) पुत्र संजीव कुमार सोमवार शाम अपने रिश्तेदार की शादी में सराय जलाल स्थित एक मैरिज होम गया था। वहां से देर रात शहर आ रहा था। तभी बिरारी गांव के पासं बाउरी कुआं के पास पीछे से आ रहे किसी तेज वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता संजीव कुमार ने बताया कि वह शादी के कार्यक्रमों में वेटर के लिए ठेके पर लड़कों को ले जाता था। उसी काम के लिए वह सोमवार रात शहर की तरफ जा रहा था, तभी हादसा हो गया।
दो बेटों की मौत से छिना बुढ़ापे का सहारा
पिता ने बताया कि सात माह पहले गांव के सामने बड़े बेटे सोनू (23) को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। जिसमें उसकी मौत हो गई थी। मृतक की मां निर्मला देवी रो-रोकर कह रही है कि ईश्वर ने तो मेरे दोनों ही बेटे सात माह के अंदर ही हमसे छीन लिए। अब मेरे बुढ़ापे का कौन सहारा बनेगा।