करंट से झुलसी महिला शिल्पी उर्फ रानी
- फोटो : ETAWAH
जसवंतनगर (इटावा)। नगर के कोठी कैस्त मोहल्ले में छत पर गई एक महिला को हाईटेंशन लाइन से करंट लग गया। करंट लगने से महिला बुरी तरह झुलस गई। आनन फानन में परिजनों ने महिला को सैफई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने लखनऊ पीजीआई रिफर कर दिया।
जसंवत नगर के कोठी कैस्त मोहल्ले निवासी 36 वर्षीया शिल्पी उर्फ रानी पत्नी मनोज कुमार दीक्षित मां की तबियत खराब होने के कारण अपने मायके आयी हुई थी। मंगलवार की सुबह अपने घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थी। तभी छत के नजदीक से गुजरी हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। महिला की चीख पुकार सुनकर परिजन और आस- पड़ोस के लोग दौड़कर पहुंचे और चादर कंबल आदि डालकर किसी तरह महिला को करंट से दूर किया, लेकिन तब तक महिला बुरी तरह झुलस चुकी थी।
गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए सैफई मेडिकल मेडिकल कालेज ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होती देख वहां के डाक्टरों ने सैफई पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया है। महिला 80 फ़ीसदी जल चुकी है। परिजनों का कहना है कि छत के नजदीक से निकली हाईटेंशन लाइन को हटवाने के लिए कई बार विभागीय अधिकारी कर्मचारियों को बोला गया लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके कारण आज यह हादसा हो गया।