इटावा। आने वाले सप्ताह में सूरज की तल्खी बढ़ेगी। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 19 से 24 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। सप्ताह की शुरुआत में जहां पारा 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, वहीं 23 और 24 अप्रैल को यह 43 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। आसमान साफ रहने और चिलचिलाती धूप के कारण लू का प्रकोप बढ़ने के आसार हैं।
वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि तापमान में इस उछाल के कई कारण हैं। पहला कारण राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से आ रही गर्म हवाओं ने मैदानी इलाकों को तपाना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही बादलों की अनुपस्थिति के कारण सूरज की किरणें सीधे धरती पर पड़ रही हैं।
हवा में नमी का स्तर गिरकर 10-15 प्रतिशत रह गया है जिससे गर्मी और भी तीखी महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि मध्य भारत की ओर से आ रहा सिस्टम गर्म हवाओं को उत्तर प्रदेश की ओर धकेल रहा है। गर्मी का असर शनिवार से ही दिखना शुरू हो गया है। शनिवार को जिले का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप ने पूरे दिन लोगों को परेशान किया। शहर की सड़कों पर आवाजाही कम रही।
19-अप्रैल 24.0 40.0
20- अप्रैल 24.0 41.0
21- अप्रैल 24.0 41.0
22- अप्रैल 24.0 42.0
23- अप्रैल 24.0 42.0
24- अप्रैल 25.0 43.0
नोट-अधिकतम और न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में है।