इटावा। तीन दिन की छुट्टी के बाद बुधवार को डॉ. बीआर आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक 1241 मरीजों ने पंजीकरण करवाया।
पंजीकरण पटल पर महिला व पुरुषों की दो-दो लाइनें लगानी पड़ीं। भीड़ इतनी अधिक थी कि लोगों को लाइन में लगने की जगह नहीं मिली। कुछ लोगों ने साइड से पर्चा बनवाने की कोशिश की, जिससे तीखी झड़पें हुईं। जिला अस्पताल प्रशासन को स्थिति संभालने के लिए पूर्व सैनिकों की ड्यूटी लगानी पड़ी। कई मरीज गर्मी से परेशान होकर बिना पर्चा बनवाए ही लौट गए। पंजीकरण के बाद भी डॉक्टरों के कक्षों के बाहर लंबी कतारें थीं, जिससे मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
अधिक भीड़ के कारण कई सामान्य मरीज दिव्यांग पटल पर भी लग गए। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके यादव ने बच्चों के साथ अन्य मरीजों को भी देखा। उन्होंने बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी। कुल मरीजों में सबसे अधिक 332 मरीज बुखार, खांसी और जुकाम के थे। डॉक्टरों ने गंभीर मरीजों की जांच करके दवा लिखी, जबकि सामान्य मरीजों को बीमारी पूछकर दवा दी।
वर्जन-
तीन दिन की छुट्टी के बाद अचानक मरीजों की भीड़ बढ़ गई थी। मरीजों को लाइन में लगवाने के लिए जिला अस्पताल में तैनात पूर्व सैनिक की ड्यूटी लगा दी गई थी। इससे कोई अव्यवस्था न रहे। डॉक्टरों ने जांच के बाद मरीजों को दवा दी।-डॉ. पारितोष शुक्ला, सीएमएस पुरुष जिला अस्पताल।