जसवंतनगर (इटावा)। बकेवर क्षेत्र में नोधना गांव के पास बाइक डिवाइडर से टकराने से दूल्हे के चाचा की मौत हो गई और पिता घायल हो गए। ताऊ से पांच लोगों को रोककर बरातियों को लौटा दिया। सादगी से शादी की रस्में पूरी हुईं। दुल्हन की डोली पहुंचने के बाद चाचा ससुर का शव घर पहुंचा।
जसवंतनगर के गांव टकपुरा सराय जलाल निवासी अजय नागर की बरात शनिवार को औरैया के अटसू गई थी। दूल्हे के पिता प्रमोद नागर बाइक से चचेरे भाई मुकेश नागर (40) के साथ गए थे। बकेवर क्षेत्र में नोधना गांव के पास बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में प्रमोद और मुकेश घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर दोनों पक्षों में मातम छा गया।
दूल्हे के ताऊ प्रह्लाद नागर ने बरातियों को गांव लौटा दिया और दूल्हे व पांच रिश्तेदारों को लेकर अटसू पहुंचे। प्रमोद और वंदना पुत्री सतीश कुमार की सादगी से शादी हुई। दोपहर में दुल्हन की डोली पहुंची और शाम को पोस्टमार्टम के बाद चाचा ससुर का शव घर पहुंचा। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।