इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय नाबालिग बालिका का विवाह रोका गया है। यह शादी सैफई थाना क्षेत्र के 25 वर्षीय युवक से कराई जा रही थी जो पहले से विवाहित था और एक बच्चे का पिता भी है। शनिवार देर शाम बरात आने से ठीक पहले बाल संरक्षण टीम ने पहुंचकर यह कार्रवाई की।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर मिली शिकायत के आधार पर बाल संरक्षण टीम सक्रिय हुई। बाल संरक्षण अधिकारी सोहन गुप्ता और जिला समन्वयक कीर्ति गुप्ता के नेतृत्व में टीम चौबिया थाना पहुंची। थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह ने उपनिरीक्षक मानसिंह और कांस्टेबल रवि को टीम के साथ मौके पर भेजा। बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू कर जिला मुख्यालय लाया गया। यहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसे न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि बाल संरक्षण टीम की सूचना पर पहुंचकर शादी रुकवा दी गई है। टीम की ओर से कार्रवाई की जा रही है।