इकदिल। इकदिल उपकेंद्र से टाउन फीडर को मिलने वाली बिजली आपूर्ति इस समय पूरी तरह से चरमराई हुई है। हालात यह है कि क्षेत्र के लोगों को 24 घंटे में मुश्किल से 14 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। बार-बार शटडाउन और कटौती से इस भीषण गर्मी में लोगों गर्मी से बुरा हाल है। इससे जहां आमजन बेहाल हैं। वहीं बिजली न आने से व्यापार चौपट है।
पिछले दो दिनों की बिजली आपूर्ति पर अगर नजर डाली जाए तो शनिवार शाम आठ बजे बिजली गई और 15 मिनट बाद आ गई। इसके बाद फिर से आठ बजकर 31 मिनट पर बिजली चली गई और आठ बजकर 50 मिनट पर आई। रात 11: 50 बजे फिर बिजली चली गई और लगभग आधा घंटे बाद 12:14 पर बिजली आई। रविवार सुबह से रात तक भी लगभग ऐसी ही स्थिति रही। बिजली की इस आंख मिचौली से लोगों का गर्मी से बुरा हाल है।
नगर पंचायत के सीमा विस्तार के बाद इंधौआ और फूफई ग्राम पंचायतों के जुड़ने से अब लगभग 13 हजार की आबादी इसी फीडर पर निर्भर है। ऐसे में कहीं भी छोटा-सा फाल्ट आने पर पूरे कस्बे की बिजली बंद कर दी जाती है। इन्वर्टर भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। जिससे रात के समय लोगों को बिना पंखे के ही सोना पड़ रहा है। व्यापारी भी परेशान हैं। उनका कहना है कि दिनभर बिना बिजली गर्मी से दुकान पर बैठना मुश्किल होता है। शाम को जब व्यापार थोड़ी रफ्तार पकड़ता है तो बिजली की आवाजाही से इससे ग्राहक भी नहीं बैठ पाते हैं और बिना खरीदारी के उठकर चल देते हैं। क्षेत्र के नजरुद्दीन, उमेश मिश्रा, दिलीप सोनी, राघवेंद्र और गोविंद ने बिजली विभाग से मांग की है कि जिस क्षेत्र में फाल्ट हो, वहीं तक शटडाउन लिया जाए, पूरे कस्बे की बिजली न काटी जाए।
एसडीओ प्रेमचंद ने बताया कि उन्होंने कई बार लाइनमैनों को निर्देश दिए हैं कि केवल प्रभावित इलाके का ही शटडाउन लिया जाए। अगर अभी भी ऐसा हो रहा है तो वह तुरंत इस पर अंकुश लगाएंगे।