ताखा क्षेत्र के भरतिया कोठी में 33 केवी सब स्टेशन के निर्माण का भूमि पूजन करते विद्युत विभाग के अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
लोक निर्माण विभाग मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने गृह क्षेत्र ताखा तहसील को एक और सौगात दे दी है। ऊसराहार- भरथना मार्ग पर भरतिया कोठी के समीप 33 केवी का विद्युत सब स्टेशन मंजूर हो गया है।
3.84 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को एक्सईएन सैफई कुलदीप यादव, एसडीओ ताखा राजीव कुमार, तहसीलदार ताखा विजय यादव, एसएस मेमोरियल महाविद्यालय सुतियानी के मैनेजर कोमल सिंह यादव ने नगला खाडे़ के समीप उप केंद्र के लिए अधिगृहीत की गई एक हेक्टेयर जमीन पर विधिवत भूमि पूजन कराया। बाउंड्रीवाल पर ईटे रखकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
इस अवसर पर एक्सईएन सैफई कुलदीप यादव ने बताया इस सब स्टेशन के बनने से ताखा में ओवरलोड और लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिल जाएगी। उप केंद्र का निर्माण छह माह में कर दिया जाएगा। साल के अंत तक हर हाल में चालू कर दिया जाएगा। एसडीओ ताखा राजीव कुमार ने कहा इस सब स्टेशन के निर्माण के बाद ताखा क्षेत्र में 33 केवी के चार सबस्टेशन हो जाएंगे। हर क्षेत्र में बिजली की सप्लाई सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी आए दिन होने वाले फाल्ट से निजात मिल जाएगी।
कोमल सिंह ने इसे ताखा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा किसी समय ताखा क्षेत्र में बिजली की अहम समस्या थी, जिसे लोक निर्माण मंत्री ने प्राथमिकता में रखकर इस समस्या से निजात दिला दी है। अब ताखा के लोगों को आए दिन होने वाले फाल्ट से छुटकारा मिल जाएगा।
तहसीलदार विजय यादव ने बताया विद्युत स्टेशन के निर्माण के लिए एक हेक्टेयर जमीन दे दी गई है। जमीन पर अतिक्रमण को भी हटा दिया गया है। कुछ लोगों की भूमि को दूसरे स्थान पर दे दिया गया है। निर्माण दाई संस्था सेंगर इंटरप्राइजेज आगरा के जनरल मैनेजर सीपी सिंह ने बताया 3.84 करोड़ की लागत से इस सब स्टेशन का निर्माण शुरू कर दिया गया है, इसमें छह फीडर लगाए जाएंगे। केंद्र पर ही एसडीओ आफिस और आवास का निर्माण कराया जाएगा।