भरथना के ग्राम छोला में पूजा कार्यक्रम में खाना बनाने के दौेरान गैस सिलेंडर में आग लगने से पांच बच्चे झुलस गए। इसके बाद छप्पर में भी आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। बच्चों को भर्ती कराया गया है।
छोला गांव निवासी विष्णु शंखवार के घर में पुत्र पैदा होने पर शनिवार को उनके घर पर पूजा व खाने का कार्यक्रम था। घर के बाहर प्लाट में खाना बन रहा था। अचानक गैस सिलेंडर का पाइप निकलने से उसमें आग लग गई।
देखते-देखते आग पड़ोसी बाबू राम के छप्पर में लग गई। वहां पर खेल रहे बच्चे झुलस गए। आग की चपेट में आकर रजत पुत्र विष्णु (5), छोटू पुत्र सर्वेश (6), हरीश पुत्र विनोद (6), अवनीश पुत्र लीलाधर (7), शीलू पुत्र राम लखन (7) झुलस गए। सभी को आनन-फानन जिला अस्पताल भेजा गया।
आग से विष्णु की एक भैंस भी झुलस गई। हादसे की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार एसएन पांडेय ने घटना स्थल पर जाकर जानकारी ली।
पूजा के दीपक से आग लगी, लाखों की क्षति
इटावा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुरबिया टोला में शनिवार की सुबह घर में पूजा की अलमारी में रखे दीपक से आग लग गई। आग की लपटों ने कमरे में रखे अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें देख मोहल्ले वाले दौड़े और काफी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पा सके। बताया जाता है कि अगि्नकांड में लाखों रुपये की क्षति हुई है।
पुरबिया टोला निवासी कौशल वर्मा के घर के मकान की दूसरी मंजिल पर पूजा का कमरा है। उसमें उनका अन्य सामान भी रखा था। शनिवार की सुबह उन्होंने पूजा की अलमारी में दीपक जलाया और नीचे आए। अचानक दीपक से लगी आग पूरे कमरे में फैल गई। आग की लपटें उठती देख पूरे मुहल्ले में हड़कंप मच गया।
परिजन तथा आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कौशल ने बताया कि आग से कमरे में रखे 27 हजार रुपये के जेवर सहित करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।