सैफई महोत्सव में सोमवार देर रात जहां मंच पर बालीवुड के कलाकारों ने अपनी
रंगारंग प्रस्तुतियों से धमाल मचाया वहीं, पीछे के ब्लाकों में कार्यक्रम
ठीक से दिखाई न देने से नाराज युवाओं ने जमकर हुड़दंग मचाया। सोनाक्षी की
एक झलक पाने को बेताब युवाओं ने आगे बढ़ने के लिए लोहे के पाइपों से बनाई
गई बेरीकेडिंग को भी तोड़ दिया। पुलिस के लाठियां चटकाने पर युवाओं ने
पथराव किया।
काफी देर बाद स्थिति को संभाला जा सका। पथराव में कवरेज करने आई मीडिया की कई ओबी वैन और प्राइवेट वाहनों को नुकसान हुआ। पुलिस कर्मी भी चोटिल हुए। सोमवार रात देर रात सैफई महोत्सव के समापन पर आयोजित स्टार नाइट में यहां जुटी हजारों की भीड़ ने जमकर हंगामा किया।
भीड़ अधिक होने से पंडाल में पीछे बैठे दर्शक कलाकारों को ठीक से नहीं देख पा रहे थे। जैसे ही मंच पर सोनाक्षी सिन्हा झूले पर बैठ कर आईं, युवाओं की भीड़ बेकाबू हो गई। लोहे के पाइपों की रेलिंग भीड़ ने तोड़ डाली। व्यवस्था बिगड़ते देख यहां तैनात पुलिस व पीएसी के जवानों ने भीड़ को पीछे ढकेलना शुरू कर दिया।
धक्कामुक्की के बाद पुलिस और पीएसी के जवानों ने लाठियां बरसानी शुरू कर दी। लाठीचार्ज होते ही भीड़ में भगदड़ मच गई और जिसे जहां मौका मिला भागने लगा। पंडाल से खदेडे़ गए लोगों में से कुछ मुख्य गेट और कुछ उत्तरी छोर पर जहां मीडिया की ओबी वैन खड़ी हुई थी पहुंच गए।
थोड़ी देर बाद इन लोगों ने दोनों तरफ से पथराव शुरू कर दिया। जिसमें कई पुलिस कर्मी चुटहिल हो गए और मीडिया की कई ओबी वैन क्षतिग्रस्त हो गईं। बाद में भारी भरकम फोर्स ने किसी तरह हालात को संभाला।