मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी व ड्रग इंस्पेक्टर ने गुरुवार को संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाकर दवाओं के तीन और खाद्य पदार्थों के सात नमूने भरे। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नादिर अली, ड्रग इंस्पेक्टर वैभव बब्बर तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश वर्मा ने छापामारी अभियान चलाया। एफडीए की टीम सबसे पहले होमगंज में पहुंची जहां पर अरुण कुमार पुत्र बैजनाथ की दुकान से वनस्पति घी का नमूना लिया गया।
इसके बाद साबितगंज से त्रिलोकी नाथ पुत्र बनवारीलाल की किराने की दुकान से पिसी हल्दी की नमूना लिया गया। शांति कालोनी स्थित सब्जी मंडी में रजनीश पुत्र रामकुमार की सब्जी की दुकान से पांच सब्जी गाजर, आलू, मटर, सेम तथा अदरक के नमूने भरे।
इसके बाद यह टीम सीधे उदी मोड़ पर पहुंची जहां पर मेडिकल स्टोरों में छापेमारी की गई। अचानक छापेमारी से कई मेडिकल दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके भाग निकले। टीम ने दो मेडिकल स्टोरों से दवाओं के नमूने लिए।
इसमें भुवनेश भूषण की भारतीय मेडिकल स्टोर की दुकान से कैल्शियम की टेबलेट का नमूना लिया गया जबकि शिवराम सिंह के भदावर मेडिकल स्टोर से पैरासीटामोल सीरप तथा एंटीबायटिक सीरप का नमूना लिया।
खा्द्य सुरक्षा अधिकारी नादिर अली ने बताया कि खाद्य पदार्थों व दवाओं के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया। छापामारी अभियान चलता रहेगा।