करीब सवा महीने पूर्व बिचपुरी खेड़ा और कुनैरा के बीच लूट की वारदात को
अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को क्राइम ब्रांच और फ्रेंड्स कालोनी
थाना पुलिस ने बुधवार की शाम गिरफ्तार किया, जबकि इनका एक साथी मौके से
भागने में सफल रहा।
लुटेरों के पास लूटी हुई स्कूटी, मोबाइल, तमंचा, कारतूस, नगदी समेत वारदात में प्रयुक्त दो बाइकें भी बरामद हुुई हैं। लुटेरों ने अन्य थाना क्षेत्रों में भी लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। फ्रेंड्स कालोनी के नई कालोनी रामनगर निवासी विनय प्रताप सिंह पुत्र जगदीश सिंह 12 नवंबर को अपनी स्कूटी से सैफई से घर लौट रहे थे।
बिचपुरी खेड़ा व कुनैरा के बीच लुटेरों ने उनको रोक लिया और स्कूटी, मोबाइल व 7000 रुपये लूट लिए थे। एएसपी क्राइम महात्मा प्रसाद के दिशा निर्देशन में क्राइम ब्रांच व फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस लुटेरों की तलाश में थी। बुधवार को संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर नगला मुकुंदी के आगे बनी पुलिया से लूट की वारदात के फिराक में खड़े तीन लोगों पकड़ा।
फ्रेंड्स कालोनी थानाध्यक्ष नासिर हुसैन ने बताया कि इनके पास से एक बाइक, एक स्कूटी, तीन मोबाइल, एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए। उन्होंने कहा कि यह स्कूटी विनय प्रताप सिंह से लूटी गई थी। जो बाइक बरामद हुई है। उसे लूट की वारदात में इस्तेमाल किया गया था।
पकड़े गए तीनों लुटेरे वैदपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें पवन उर्फ बंटी पुत्र अर्जुन सिंह व ओपेंद्र यादव पुत्र महाराज सिंह ग्राम नगला देवसन और नीरज राजपूत उर्फ सुमित पुत्र दीवान सिंह पुत्र नगला बाबा का रहने वाला है। फरार साथी की तलाश की जा रही है।
एएसपी क्राइम महात्मा प्रसाद ने बताया कि इन लुटेरों ने जिले में लूट की तीन वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। इनमें 27 अगस्त को भरथना के विरौंधी में पूर्वांचल बैंक कैशियर से भिलौना गांव के पास 10 हजार रुपये, एक मोबाइल, बैंक की चाबी आदि छीनी थी। इसके अलावा आईटीआई पुल के ऊपर एक महिला से चैन छीन ली थी।