इटावा। ऐतिहासिक हजारी महादेव मंदिर में इस सावन के सोमवार को भक्त माथा नहीं टेक पाएंगे। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए मंदिर कमेटी ने सावन भर कपाट बंद रखने का निर्णय लिया है।
सोमवार को ऊसराहार थाने में प्रभारी एसडीएम इंद्रजीत सिंह, क्षेत्राधिकारी भरथना आलोक प्रसाद, थानाध्यक्ष समीर सिंह व मेला कमेटी के अध्यक्ष पंचम सिंह के बीच एक बैठक हुई। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों ने मंदिर कमेटी को जिम्मेदारी देते हुए पांच-पांच श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति देनी चाही, परंतु मंदिर कमेटी ने भक्तों की भीड़ को खुद संभाल पाने और पांच-पांच लोगों को दर्शन कराने पर हाथ खड़े कर दिए। मंदिर कमेटी का कहना था कि हर साल की तरह सावन के सोमवार पर सोशल डिस्टेंस बनाकर भक्तों को दर्शन कराना संभव नहीं हो पाएगा। साथ ही इस दौरान भक्तों के जबरन मंदिर में घुसने को रोक पान भी मुश्किल होगा। इसके बाद बैठक में इस बार सावन के सोमवार 6, 13, 20, 27 जुलाई व 3 अगस्त को मंदिर के कपाट बंद रखने का निर्णय लिया गया।
कमेटी के अध्यक्ष पंचम सिंह एवं मंदिर के महंत सियाराम दास ने बताया कि सावन के सभी सोमवार को मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। इसके साथ ही मंदिर परिसर में लगने वाले मेले को भी भीड़ इकट्ठी न करने के चलते रद्द कर दिया गया है।
मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार भक्तों को सावन सोमवार में हजारी महादेव के लाइव दर्शन कराने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने भक्तों से सावन के सोमवार को हजारी महादेव मंदिर न आने की अपील करते हुए घरों में ही पूजा-अर्चना करने की अपील की है।