इटावा। लॉकडाउन के दौरान बंद किए गए बेसिक शिक्षा परिषदीय विद्यालय पहली जुलाई से खुलेंगे। अभी सिर्फ शिक्षक विद्यालय में जाएंगे, बच्चे नहीं आएंगे। कोरोना संक्रमण को देखते हुए विद्यालय में शिक्षण कार्य नहीं होगा। हालांकि माध्यमिक और सीबीएसई के विद्यालय फिलहाल बंद ही रहेंगे।
परिषदीय विद्यालयों को खोलने से पहले साफ-सफाई एवं सैनिटाइजिंग की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग शिक्षक संगठनों ने की है। विद्यालय खुलने को लेकर दिन भर असमंजस की स्थिति रही। केंद्र सरकार की अनलॉक 2 की गाइडलाइन के अनुसार विद्यालयों को 31 जुलाई तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। प्रदेश सरकार ने पूर्व में जारी आदेश में पहली जुलाई से विद्यालय खोलने के आदेश दिए हैं। शिक्षक संगठनों का कहना है कि अभी तक कई स्कूलों में क्वारंटीन सेंटर चल रहे हैं। ऐसे में उन विद्यालयों को खोलने से पहले साफ-सफाई एवं सैनिटाइटिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। कई विद्यालय ऐसे हैं जो हॉटस्पॉट एरिया में हैं। शिक्षक ऐसे में अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं।
कार्यवाहक बीएसए दिग्विजय सिंह ने बताया कि शासन के आदेश के अनुसार विद्यालय पहली जुलाई से पूर्व में निर्धारित समय के अनुसार खुलेंगे। इस दौरान बच्चे बिल्कुल नहीं आएंगे। प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक निशुल्क पाठ्य पुस्तकें अभिभावकों को वितरित करेंगे। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। एक बार में सिर्फ पांच अभिभावकों को ही बुलाया जाएगा।