इटावा। कोरोना वायरस के प्रति जागरुकता लाने, मेडिकल स्टोर्स पर जरूरी दवाओं की ओवरेटिंग (अधिक मूल्य), जमाखोरी और महामारी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की जानकारी मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। करीब साढ़े तीन घंटे चली में कॉन्फ्रेंसिंग में इटावा और औरैया जिले के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में करीब 11:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग शुरू हुई। पहले इटावा के सीएमओ डा. एनएस तोमर से मुख्य सचिव ने कोराना से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। सीएमओ से कहा कि जागरुकता के लिए पर्चे छपवाकर लोगों में बंटवाएं। इसके बाद जिलाधिकारी जेबी सिंह से कहा कि दुकानों, निजी कार्यालयों में साफ सफाई के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। खास तौर पर दरवाजे, दरवाजे के हैंडल, मेज, कुर्सियों के हैंडल और कार के दरवाजों के हैंडल दिन में कई बार साफ करने के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए कहा। इसके अलावा मजिस्ट्रेट की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीमें बनाकर सेनेटाइजर, मास्क, हैंडवास, डेटाल,सेवेलॉन आदि की जमाखोरी व ओवरेटिंग पर नजर और ऐसा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश भी दिए। वीसी में एडीएम ज्ञान प्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र नाथ शुक्ला, सभी एसडीएम और अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद मुख्य सचिव ने औरैया जिले के जिलाधिकारी, एसपी और अधिकारियों से जानकारी ली और निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारी भी रखेंगे नजर
कोरोना की आशंका वाले लोगों पर स्वास्थ्य विभाग के साथ ही एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी नजर रखेेंगे। प्रशासनिक अधिकारी विदेश और बड़े शहरों से आने वाले लोगों में बुखार, खांसी, जुकाम आदि होने पर पहले जांच कराने की सलाह देंगे। विदेश से आने वाले लोगों पर विशेष रूप से नजर रखी जाएगी। ऐसे लोगों को ये बताया जाएगा कि अगर उनमें कोरोना का संक्रमण है तो पहले उनके परिवार, फिर पड़ोसी उसके बाद अन्य को चपेट में लेगा इसलिए किसी तरह की आशंका होने पर पहले जांच कराएं।
सांस लेने में दिक्कत हो तो तुरंत पहुंचे अस्पताल
मुख्य सचिव ने ये भी कहा कि कोरोना के 99 प्रतिशत रोगियों को खांसी, जुकाम और सांस लेने में दिक्कत होती है। एक प्रतिशत ऐसे में संक्रमित हो सकते हैं जिन्हें केवल सांस लेने में दिक्कत हो। कोराना से संक्रमित की प्रमुख पहचान सांस लेने में दिक्कत होने की है। अगर किसी को सांस लेने में दिक्कत हो तो उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। कोरोना से घबराएं नहीं, बचाव करें।
कोचिंग संस्थान 22 मार्च तक बंद
इटावा। स्कूल-कालेजों के बाद अब कोचिंग संस्थान भी 22 मार्च तक बंद रहेेंगे। शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों
के संचालकों की बैठक शनिवार को अग्रवाल कांप्लेक्स चौगुर्जी में बैठक कर इसका निर्णय लिया। कोचिंग संचालकों ने कोरोना से बचाव के संबंध में जागरूकता अभियान भी चलाया। बैठक में आनंद मित्तल, अमित द्विवेदी, सर्वेश मिश्रा, अश्वनी यादव, गौरव चौधरी, विकास त्रिपाठी, अमित शुक्ला, अगस्टन, प्रियांक गुप्ता, पवन एवं जगदीश उपस्थित रहे।
सांसद कठेरिया ने नहीं पहनी माला, किया नमस्ते
कोराना के प्रति जागरुकता ही मुख्य बचाव है। इसको सांसद डा. रामशंकर कठेरिया ने खुद पर लागू कर लिया है। एहतियातन उन्होंने लोगों से हाथ मिलाना बंद कर नमस्ते करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा उन्होंने शनिवार को किसी भी कार्यक्रम में माला नहीं पहनी और बुके व फूल लेने से भी परहेज किया। सांसद ने लोगों से भी साफ-सफाई के प्रति जागरूक होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग कोरोना से डरें नहीं, हमारे डॉक्टर सतर्क हैं। किसी को कोई खतरा नहीं हैं। किसी में भी खांसी, बुखार व सांस लेने में दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। भीड़ वाले स्थानों पर जरूरी होने पर ही जाएं, भीड़ वाले सार्वजनिक कार्यक्रम से भी परहेज करें।
इटावा सफारी में भी सेनेटाइजर लगाकर ही प्रवेश कर सकेंगे पर्यटक, स्टाफ
इटावा सफारी पार्क में भी कोरोना को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। पर्यटकों और सफारी के कर्मचारी अब सेनेटाइजर का उपयोग करने के बाद ही प्रवेश कर पाएंगे। स्टाफ के साथ टिकट खिड़की कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना भी जरूरी कर दिया गया है। एंटीलोप, डियर, बियर और लैपर्ड एनीमल हाउस, किचन, ब्रिडिंग सेंटर के कर्मचारियों को एल्कोहल आधारित हैंडवाश, एंटीसेप्टिक साबुन से बार-बार हाथ धाने के निर्देश दिए गए हैं। छींकते व खांसते समय टिशू पेपर का उपयोग करने और उसे बंद डिब्बे में फेंकने को भी कहा गया है। ईको पर्यटन सेंटर परिसर की सफाई व डिसइंफेक्टस क दिन में तीन बार प्रयोग भी किया जाएगा। लॉयन ब्रिडिंग सेंट में डॉक्टर, कीपर और प्रबंधन से नामित व्यक्ति को ही प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी कर्मचारी को बुखार, खांसी, सांस लेने में दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर के पास जाने की सलाह भी दी गई है।
अभी तक नहीं आया बाजार में सेेनेटाइजर
शहर के मेडिकल स्टोर्स पर करीब आठ दिन से सेनेटाइजर खत्म है। दुकानदारों ने आर्डर दे रखा है लेकिन अभी तक किसी भी दुकान पर सेनेटाइजर नहीं आया है। इसी तरह हैंडवाश का भी बाजार में टोटा हो गया है। दुकानदारों ने बताया कि लोग जरूरत से ज्यादा हैंडवाश खरीद रहे हैं, इस कारण भी बाजार में कमी हो गई है।