फोटो 05:::: घायल देवेश कुमार। स्रोत सोशल मीडिया
भरथना। थाना क्षेत्र के बेटियापुरा गांव में सोमवार सुबह चुनाव की रंजिश को लेकर प्रधान पद के दावेदार शिक्षक पर एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली उनके चेहरे को छूकर निकल गई, जिससे बारूद के कई निशान पड़ने से चेहरा झुलस गया। ग्रामीणों की मदद से घायल शिक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
टड़ा उर्खरा गांव निवासी देवेश कुमार शिक्षक हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ग्राम पंचायत बेटियापुरा से प्रधान पद के लिए दावेदारी कर रहे हैं। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे वह बेटियापुरा गांव में कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव का अनुरुद्ध कुमार वहां पहुंचा। आरोप है कि चुनावी प्रतिद्वंद्विता को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान अनुरुद्ध ने तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की नीयत से उन पर फायर कर दिया।
गोली उनके चेहरे को छूकर निकल गई। इससे चेहरे पर बारूद के कई निशान पड़ गए और वह झुलस गए। फायरिंग के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घायल शिक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अनुरुद्ध कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।